Punjabi News

विजिलेंस द्वारा मोहाली लाए गए बिक्रम मजीठिया- SAD कार्यकर्ताओं ने कियाविरोध

89

 

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस ने अमृतसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर मोहाली के सेक्टर 68 स्थित विजिलेंस कार्यालय में लाया गया। इससे पहले जैसे ही अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया को विजिलेंस कार्यालय लाए जाने की खबर मिली तो बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता जुटने लगे। इसी बीच कयास लगाए जाने लगे कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी विजिलेंस कार्यालय में आएंगे, जिसके चलते सेक्टर 68 स्थित विजिलेंस कार्यालय के दोनों तरफ भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई थी, जिससे सड़क जाम हो गई थी। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी मौके पर खड़े होकर फोर्स को निर्देश देते नजर आए।
मजीठिया को मोहाली के सेक्टर 68 स्थित विजिलेंस कार्यालय में लाया गया। पहले कहा जा रहा था कि बिक्रम मजीठिया को विजिलेंस द्वारा दोपहर बाद मोहाली कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा, रणजीत सिंह गिल, परमिंदर सिंह सोहाना, अर्शदीप सिंह कलेर, सरबजीत सिंह झिंझर, परमजीत सिंह काहलों, मन्ना संधू और कमलजीत सिंह रूबी समेत अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता मोहाली अदालत पहुंचे थे। लेकिन जब शाम पांच बजे तक विजिलेंस की टीम बिक्रम मजीठिया को लेकर अदालत नहीं पहुंची तो अधिकतर नेता वापस लौट गए। इस बीच, सेक्टर 68 स्थित विजिलेंस कार्यालय के बाहर अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था दर्जनों अकाली नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच चुके थे। अकाली नेता परविंदर सिंह सोहाना के नेतृत्व में पहुंचे अकाली कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने अकाली नेताओं को हिरासत में ले लिया। मोहाली अकाली दल के मुख्य सेवक परविंदर सिंह सोहाना ने कहा कि अकाली दल का हर कार्यकर्ता अपने नेता बिक्रम मजीठिया के साथ मजबूती से खड़ा है। बिक्रम मजीठिया के वकील अर्शदीप सिंह कलेर ने कोर्ट में मजीठिया से मिलने का समय मांगा, जिस पर वकील को शाम 7 बजे से 8 बजे तक मिलने का समय दिया गया।