Punjabi News

मुख्यमंत्री भगवंत मान मर्यादाएं भूले – सुनील जाखड़

66

चंडीगढ़  : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा देश के प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि भगवंत मान मर्यादाएं भूल चुके हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता का अहंकार मुख्यमंत्री के सिर चढ़कर बोल रहा है और वे अपनी बोलचाल से मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में एक ट्वीट में लिखा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान जी, आपसे बेहतर कौन जानता है कि जब किसी व्यक्ति की परछाई उसके कद से बड़ी होने लगे, तो इसका मतलब है कि सूरज डूबने वाला है और जब किसी व्यक्ति की जुबान उसकी औकात से लंबी होने लगे, तो इसका अर्थ है कि उस व्यक्ति के पतन का समय आ गया है।

जाखड़ ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि जब वे लोकसभा सांसद थे, तब उनके साथी सांसदों ने स्पीकर से शिकायत की थी कि आपके शरीर से शराब की बदबू आती है, लेकिन आज आपकी भाषा सुनकर लगता है कि आपमें से अहंकार की बदबू आ रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब एक पवित्र धरती है, जहां बोलचाल की एक मर्यादा है, लेकिन मुख्यमंत्री इस मर्यादा को भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी इस अमर्यादित भाषा के लिए माफी मांगनी चाहिए।