Punjabi News

पंजाब में 46 डिग्री पार तापमान, कई जिलों के लिए हीट वेव का रेड अलर्ट

179

पंजाब में वीरवार को भी सूर्य के कड़े तेवर रहे। दिन में गर्म हवा चलती रही और लोग बाहर निकलने से परहेज करते रहे। सड़कों और बाजार में गर्मी का कर्फ्यू लगा रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है।
लोगों को घरों से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 14 जून को आंधी चलने से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वीरवार को प्रदेशभर में दिन में लू चली। लोग गर्मी ने परेशान होते रहे।
बठिंडा सबसे अधिक गर्म रहा, जहां सबसे अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। चार जिलों में तापमान 44 डिग्री से अधिक रहा। हालांकि, पिछले चौबीस घंटे में राज्य का औसतन तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस गिरा जोकि सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को लू अधिक तेज होगी। शनिवार को लू के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 15 से 17 जून तक मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है जिसमें 40-50 किमी गति के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

राज्य में भीषण गर्मी और धान रोपाई के कारण लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने लगी है। वीरवार को लुधियाना, दसूहा, बठिंडा, धूरी, नकोदर और तरनतारन में छह घंटे तक का लंबा बिजली कट लगा। इसी तरह पटियाला, अमृतसर, मोगा, मुक्तसर और मोहाली में चार घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। पावरकाम के पास राज्य भर से करीब 26,075 शिकायतें पहुंचीं। 12,147 शिकायतों का निपटारा किया गया और बाकी को ठीक करने का काम जारी रहा