Punjabi News

पंजाब में भाजपा और आप दोनों की ओर से संविधान पर दोहरा हमला – वड़िंग 

90

डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर) : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज कहा है कि आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जो संविधान का दुरुपयोग और उसे कमजोर कर रहे हैं।

यहां ‘संविधान बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने बताया कि किस तरह भाजपा ने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस का संविधान में कोई विश्वास नहीं है और उन्होंने इसे कभी स्वीकार नहीं किया है। इसलिए भाजपा संविधान को बदलने पर आतुर है। लेकिन देश की जनता ने उनके इरादों को समझ लिया है और उन्हें 240 सीटों पर समेट दिया है।

वड़िंग ने एक बार फिर से दोहराया कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो देश के संविधान में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि यह देश जाति, धर्म या संप्रदाय से परे सभी का है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस कभी भी भाजपा को संविधान को नुकसान पहुंचाने नहीं देगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आप सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने और राजनीतिक विरोधियों को डराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे किसानों को भी नहीं बख्शा।

उन्होंने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि आप सरकार के शासन में लोग अब सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंजाब में हम दोहरी मार झेल रहे हैं, क्योंकि आप सरकार पूरी तरह से केंद्र की भाजपा सरकार के नक्शेकदम पर चल रही है। पंजाब में कानून का राज नहीं है, जैसा यहां में चल रहा है।

डेरा बाबा नानक में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी रैली को संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस संगठन के महासचिव कैप्टन संदीप संधू, कुलबीर सिंह जीरा आदि मौजूद थे।