Punjabi News

चंडीगढ़ स्थितआदर्श कालोनी हटी : प्रशासन ने एक हजार झुग्गियां तोड़कर 12 एकड़ जमीन कराई खाली

104

 

चंडीगढ़ : सेक्टर-54 स्थित आदर्श कालोनी हटाने के लिए प्रशासन ने वीरवार सुबह ही कार्रवाई शुरू कर दी। दोपहर तक कालोनी की एक हजार झुग्गियों को प्रशासन ने तोड़ दिया। इस कालोनी को तोड़ने के बाद प्रशासन ने 700 करोड़ से अधिक की 12 एकड़ जमीन वापस ले ली है। अब इस जमीन की फेेंसिंग होगी और इसे सुरक्षित किया जाएगा। साथ ही इस जमीन पर चंडीगढ़ मास्टर प्लान-2031 के तहत विकास कार्य होगा। यह कालोनी सेक्टर-54 की फर्नीचर मार्केट के पिछली तरफ बसी थी। हालांकि फर्नीचर मार्केट भी सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से बसी है। इसे भी हटाया जाना है।
हटाए जाने की सूचना के बाद खुद कालोनी वासियों ने ही अपना सामान हटा लिया था। बुधवार को देर रात तक लोग कालोनी से सामान ढोते रहे। प्रशासन की तैयारी को देखते हुए झुग्गी लोगों ने खुद ही खाली कर दी। वीरवार को अपना आशियाना ढहते देख लोगों की आंखें भर आई। अपने बच्चों को लेकर लोग कालोनी के पास ही बैठे रहे। वह प्रशासन से गुहार लगा रहे थे और कह रहे थे कि अब वह कहां जाएंगे।
यह चंडीगढ़ की बड़ी कालोनियों में से एक है इसको देखते हुए प्रशासन भी पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची। इससे पहले बुधवार को डीसी निशांत कुमार यादव ने आदर्श कालोनी को हटाने की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की थी। मीटिंग में उन्होंने इस अभियान का उद्देश्य लगभग 12 एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराना बताया था।

बैठक में डीसी ने अभियान को विधिक, समन्वित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने को कहा, ताकि जनसुरक्षा व सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित न हो।एसएसपी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और स्थल पर बैरिकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया।इंजीनियरिंग विभाग ने जेसीबी, डंपर और अन्य आवश्यक मशीनरी व कर्मचारियों को पहले ही तैयार कर रखा था। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि मौके पर छह एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जिनमें डाक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए टीमें तैनात रही।इसके अतिरिक्त, स्वच्छता प्रबंधन व स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए विशेष टीमें भी नियुक्त किया गया।सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। यह भी सुनिश्चित किया गया था कि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों और पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए।

बैठक में बताया गया कि यह तोड़फोड़ अभियान चंडीगढ़ प्रशासन की उन पहलुओं में से एक है, जिनका उद्देश्य अतिक्रमण हटाना, नियोजित शहरी विकास को लागू करना और सार्वजनिक भूमि को पुन प्राप्त करना है। मुक्त कराई गई 12 एकड़ भूमि को चंडीगढ़ मास्टर प्लान के अनुरूप जन उपयोगी ढांचे के विकास में प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद शाहपुर कालोनी सेक्टर-38वेस्ट को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू होगी। शहर को स्लम फ्री बनाने के लिए सभी अवैध कालोनियों को ढहाने का शेड्यूल बन चुका है।