पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में दो नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो अफीम, एक आधुनिक M16 राइफल, 9 अवैध पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी तस्करों के संपर्क में होने और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों व नशीले पदार्थों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इस मामले में अमृतसर के थाना घरिंडा और थाना लोपोके में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार और नशीले पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और आगे किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख्त निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

















