
- पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कराए
- घर-घर जाकर गणना की प्रक्रिया 24 जुलाई तक जारी रहेगी
चंडीगढ़:मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान के तहत पंजाब भर के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (ई.एफ.) भरकर जमा कराए।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सी.ई.ओ.) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि ये विशेष शिविर 11 और 12 जुलाई, 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किए गए। इन शिविरों के दौरान मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) के पास जमा कराए।
श्रीमती मित्रा ने बताया कि घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की प्रक्रिया अभी भी जारी है और यह 24 जुलाई, 2026 तक चलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा करा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन मतदाताओं से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं, कि वे बिना विलंब अपने संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क कर प्रपत्र जमा कराएं।
श्रीमती मित्रा ने कहा, “यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम 3 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हो, सभी मतदाता निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने गणना प्रपत्र संबंधित बी.एल.ओ. के पास अवश्य जमा कराएं।”












