
नेशनल डेस्क: जिले के शाहाबाद इलाके में मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। जिओ पेट्रोल पंप के पास राजस्थान रोडवेज की एक बस पर एक ट्रक ने तेज़ रफ्तार से टक्कर मार दी। इस जोरदार टक्कर से बस पलट गई और हादसे में करीब 24 यात्री घायल हो गए, जिनमें से छह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बस शाहाबाद से बारां की ओर जा रही थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। जब बस जिओ पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पास के कई पुलिस थानों की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत शाहाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। यह हादसा बारां जिले में सड़क सुरक्षा की चिंता बढ़ा गया है। स्थानीय प्रशासन ने जनता से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।











