International Desk: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण कार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया से संवेदनाओं की बाढ़ आ गई है। आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जापान, ईरान, अर्जेंटीना, ब्रिटेन, इज़राइल, कनाडा और अमेरिका सहित कई देशों ने भारत के प्रति शोक और एकजुटता व्यक्त की है। विदेशी नेताओं और दूतावासों ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

ब्रिटेन और अर्जेंटीना ने जताया शोक
ब्रिटिश विदेश कार्यालय ने बयान जारी कर कहा-“भारत में हुए इस भयावह विस्फोट में मारे गए निर्दोष लोगों के परिवारों के प्रति हम संवेदना व्यक्त करते हैं। इस कठिन घड़ी में ब्रिटेन भारत के साथ खड़ा है।”अर्जेंटीना के विदेश मंत्रालय ने भी भारत की जनता के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि हिंसा और आतंक का कोई औचित्य नहीं है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जताया दुख
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा- “भारत के साथ खड़ा है श्रीलंका” श्रीलंका के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा-“दिल्ली में हुए विस्फोट की खबर से बेहद दुखी हूं। इस कठिन समय में श्रीलंका, भारत और उसके लोगों के साथ खड़ा है। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।” श्रीलंका के विपक्षी नेता सजित प्रेमदासा ने इस घटना को आतंकी हमला करार देते हुए कहा- “नई दिल्ली में हुए आतंकी हमले की खबर से स्तब्ध हूं। पूरी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। हमारी संवेदनाएं भारत के साथ हैं।”
p
जापान और ईरान का बयान
दिल्ली धमाके पर दुख जताते हुए जापान के राजदूत ओनो केइची ने कहा- “दिल्ली धमाके में हुई जनहानि से मैं बेहद दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।” ईरान बोला-भारत के दुख में हम भी शामिल हैं। भारत में ईरान के दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा-“दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट में भारतीय नागरिकों की मौत और घायल होने की खबर से हमें गहरा दुख हुआ है। हम भारत सरकार और जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और मृतकों के परिवारों को धैर्य मिले, यही प्रार्थना है।”
अन्य देशों की प्रतिक्रियाएं
इज़राइल के राजदूत रेवेन अज़ार ने इस घटना को “दिल दहला देने वाला” बताया और कहा-“दिल्ली में कार धमाके के बाद के दृश्य दिल तोड़ देने वाले हैं। मृतकों के परिवारों को गहरी संवेदना और घायलों के लिए शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।”कनाडा और अमेरिका ने भी अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी दूतावास ने कहा-“10 नवंबर को लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास कार में विस्फोट हुआ। कई हताहतों की सूचना है। नागरिक प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें और सतर्क रहें।”
धमाके की पूरी घटना और जांच
सोमवार शाम करीब 7 बजे, लाल किला के पास सुबाष मार्ग पर एक ह्युंडई i20 कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और इलाके में अफरातफरी मच गई। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि यह एक उच्च-तीव्रता विस्फोट था और सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने यूएपीए, Explosives Act और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में एनआईए, आईबी, और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों को शामिल किया गया है।
सुरक्षा कड़ी, राज्यों में अलर्ट जारी
घटना के बाद दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लाल किला, चांदनी चौक, और पुरानी दिल्ली के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सरकार ने कहा है कि “इस हमले के पीछे किसी आतंकी संगठन की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता।”
# International news# Delhi blast# Red Fort explosion# Sri Lanka# Anura Kumara Dissanayake# India solidarity# Global condolences# US Embassy alert# Israel# Canada# Terror attack# New Delhi# Amit Shah# UAPA investigation


















