
बिजनेस डेस्कः कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को नए इंटरफेस और बेहतर सुरक्षा सुविधाओं के साथ अपग्रेड कर दिया है। करीब एक हफ्ते तक शेड्यूल्ड सिस्टम अपग्रेड के लिए बंद रहने के बाद अब पोर्टल फिर से लाइव हो गया है।
इस अपग्रेडेशन के साथ कई बदलाव किए गए हैं, जिनमें सबसे बड़ा बदलाव UAN से जुड़ी सेवाओं में किया गया है। अब EPFO के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल के जरिए UAN एक्टिवेशन और नया UAN जनरेट या अलॉट करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से इन दोनों सेवाओं को UMANG ऐप पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
UAN एक्टिवेशन अब UMANG ऐप से
अब सदस्य UMANG ऐप के माध्यम से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication Technology-FAT) का उपयोग कर अपना UAN एक्टिवेट कर सकेंगे। इसी तरह, नया UAN जनरेट या अलॉट करने की प्रक्रिया भी अब केवल UMANG ऐप पर उपलब्ध होगी। यदि किसी सदस्य का पीएफ खाता पहले से मौजूद है लेकिन उसके पास UAN नहीं है, तो वह UMANG ऐप पर अपना मोबाइल नंबर सत्यापित कर आवश्यक जानकारी भरकर अपने पुराने पीएफ खाते के साथ नया UAN जनरेट और लिंक कर सकता है।
हालांकि, EPFO ने पोर्टल पर UAN खोजने (Find UAN) की प्रक्रिया को पहले से आसान बना दिया है। सदस्य अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज कर, पहचान या पते का प्रमाण अपलोड करने और OTP सत्यापन के बाद अपना UAN दोबारा प्राप्त कर सकते हैं।
डेथ क्लेम की सुविधा पोर्टल पर रहेगी जारी
इसके अलावा, सदस्य की मृत्यु के बाद नॉमिनी या लाभार्थी द्वारा किए जाने वाले डेथ क्लेम और पेंशन से जुड़े दावों की सुविधा पहले की तरह EPFO के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर ही उपलब्ध रहेगी। UMANG भारत सरकार का आधिकारिक ऑल-इन-वन मोबाइल ऐप है, जिसके जरिए नागरिक EPFO सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ अपने स्मार्टफोन से ही उठा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, डिजिटल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है।


















