Punjabi News

श्री हरमंदिर साहिब को मिल रही धमकियों के खिलाफ कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन

240

केंद्र सरकार से मामले को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लेने की अपील

नई दिल्ली/चंडीगढ़ : पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कांग्रेस सांसदों ने आज संसद भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब को मिल रही धमकियों के संबंध में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर विरोध प्रदर्शन में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी, डॉ. अमर सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, डा. धर्मवीर गांधी, मनीष तिवारी, कुमारी शैलजा, शेर सिंह घुबाया और गुरजीत सिंह औजला शामिल थे।

बाद में पत्रकारों को जानकारी देते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद वड़िंग ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब को लगातार धमकियाँ दी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, लेकिन बाद में कहा गया है कि वह धमकियाँ देने में शामिल ही नहीं था। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय को इन धमकियों को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों की पहचान करके उन्हें कानून के कटघरे में लाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इन्हें मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को समझना चाहिए।

इस बीच, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के सुझाव पर पूछे गए एक अन्य सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पहले ही गठबंधन के सुझाव का विरोध कर चुके हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और अकाली दल के गठबंधन से कांग्रेस को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी कई बार गठबंधन में रहते हुए इन्हें हराया है, इसलिए हमें कोई दिक्कत नहीं है। फिर चाहे ये आम आदमी पार्टी से हाथ क्यों न मिलाएँ, इनका स्वागत है।