शिमला (कुलदीप): विधानसभा में भारतीय सेना और ऑप्रेशन सिंदूर को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जब भाजयुमो नेता और कार्यकर्त्ता राजस्व मंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें रोकने के प्रयास में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। पुलिस और कार्यकर्त्ताओं के बीच हुई इस खींचतान से मौके पर कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस को पुतला दहन रोकने के लिए अग्निशमन यंत्र का भी प्रयोग करना पड़ा। इस बीच मोर्चा के कार्यकर्त्ताओं ने राजस्व मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संवैधानिक पद पर बैठकर सेना के शौर्य पर सवाल उठाना निंदनीय : कड़शोली
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विधानसभा के भीतर भारतीय सेना और ऑप्रेशन सिंदूर को लेकर जो टिप्पणी की है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है, ऐसे में किसी भी जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणियां शोभा नहीं देतीं। कड़शोली ने आरोप लगाया कि जगत सिंह नेगी अपने बयानों में राजनीतिक मर्यादा और संयम खो चुके हैं। उन्होंने मांग की कि राजस्व मंत्री अपनी टिप्पणी के लिए देशवासियों और भारतीय सेना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा नैतिकता के आधार पर तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा दें।
पुलिस के माध्यम से आवाज दबाने का प्रयास कर रही कांग्रेस सरकार
भाजयुमो महामंत्री ने पुतला दहन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवा मोर्चा के विरोध प्रदर्शनों से घबरा गई है, जिस कारण पुलिस प्रशासन को आगे कर कार्यकर्त्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसका दमन करना अत्यंत निंदनीय है। भाजयुमो ने चेतावनी दी है कि जब तक मंत्री अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी नहीं मांगते और पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक युवा मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।
















