Punjabi News

पंजाब सरकार द्वारा एस.सी. विद्यार्थियों की पढ़ाई का सहारा और मजबूत; प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत ₹53.30 करोड़ जारी एवं प्रस्तावित: डॉ. बलजीत कौर

7

चंडीगढ़: राज्य के हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार छात्रवृत्ति योजनाओं को और मजबूत कर रही है, ताकि गरीबी के कारण अनुसूचित जाति (एस.सी.) का कोई भी बच्चा अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए मजबूर न हो।

अधिक जानकारी साझा करते हुए सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि एस.सी. विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 94,092 विद्यार्थियों के लिए ₹13.30 करोड़ जारी किए हैं। इसके अलावा, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,17,142 बच्चों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ₹40 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है, ताकि स्कूल स्तर पर बच्चों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना की बदौलत आर्थिक रूप से कमजोर एस.सी. परिवारों के हजारों बच्चे बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के अपनी शिक्षा जारी रख रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा सामाजिक सुधार की सबसे मजबूत नींव है और यह प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार पिछड़े वर्गों के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा और मानव विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। एस.सी. विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के रास्ते खोलना ‘रंगला पंजाब’ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सरकार की आगामी योजना के बारे में बात करते हुए मंत्री ने कहा कि विभाग छात्रवृत्ति योजना को समय पर लागू करने, पात्र परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाने और राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजने का कार्य पूरी मुस्तैदी से करेगा, ताकि किसी भी जरूरतमंद बच्चे को सहायता मिलने में देरी न हो। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार युवाओं का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।