
कहा: पंजाब में ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं चलेगी
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान पंजाब के लिए चुनावी दौरों के समय वादे करने और बयान देने के अलावा, कोई ठोस काम नहीं किया है।
इस क्रम में, प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि वह आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर पंजाब आए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास पंजाब के लिए कोई नई या ठोस योजना नहीं थी, बल्कि वह केवल वही पुराने वादे दोहरा रहे हैं, जिन्हें पूरा करने की उनकी कोई मंशा दिखाई नहीं देती।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को लोगों के बीच ध्रुवीकरण की राजनीति बंद करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आज का यह दौरा भी एक खास उद्देश्य और एजेंडे के तहत किया जा रहा था, लेकिन पंजाब में ऐसी राजनीति सफल नहीं होगी।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब को आर्थिक और कृषि क्षेत्र के पुनर्निर्माण की जरूरत है, लेकिन इस संबंध में प्रधानमंत्री के पास कोई ठोस प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में ईमानदार होते, तो किसानों से किए गए कर्ज़ माफी और विभिन्न फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी के वादे पूरे करते।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देते हुए, कहा कि मोदी पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री हैं। पंजाब से लंबे संबंध होने के दावों के बावजूद उन्होंने राज्य को कोई विशेष लाभ नहीं दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या यह जरूरी है कि राज्य में भाजपा की सरकार हो, तभी केंद्र सरकार पंजाब को उसका अधिकार देगी? उन्होंने कहा कि यदि यही सोच है, तो पंजाब को मोदी सरकार से कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि पंजाब में भाजपा की सरकार कभी नहीं बनेगी।
वड़िंग ने कहा कि आपकी सरकार 2017 से लगातार पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है। यह लोगों को ब्लैकमेल करने जैसा है कि पहले हमें वोट दो, तभी तुम्हें तुम्हारा अधिकार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब को वर्षों से सिर्फ वादे ही मिले हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि एमएसपी की कानूनी गारंटी, उद्योगों का पुनर्जीवन, युवाओं के लिए रोजगार, सीमावर्ती जिलों के लिए विशेष पैकेज, किसानों के लिए मजबूत सहायता तथा नशे की समस्या के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई एक अच्छी शुरुआत हो सकती है। वड़िंग ने कहा कि पंजाब ने देश के लिए बलिदान देने में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। अब पंजाब को उसके अधिकार के लिए और अधिक इंतजार नहीं करवाया जाना चाहिए। पंजाब को कल की सुर्खियां नहीं, बल्कि ऐसा काम चाहिए जिसे आपके जाने के बाद भी लोग याद रखें।
















