Punjabi News

Manipur: उग्रवादियों के चंगुल से बंधक बनाए गए नगा और कुकी समुदाय के 28 लोगों को किया गया रिहा

9

Manipur hostage crisis: मणिपुर के कांगपोकपी और सेनापति जिलों में हथियारबंद समूहों द्वारा बंधक बनाए गए कुकी और नगा समुदायों के 38 लोगों में से 28 को रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बुधवार को कांगपोकपी में संदिग्ध उग्रवादियों ने गिरजाघर के तीन पदाधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया जबकि नोनी जिले में एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। इसके बाद इन लोगों को अज्ञात क्षेत्रों में ले जाया गया।

इस मौके पर बातचीत करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाई गईं कोंसाखुल गांव की 12 नगा महिलाओं को मखान गांव में रिहा कर दिया गया।उन्होंने बताया कि सेनापति जिले में बंधक बनाए गए कुकी समुदाय के चार पुरुषों और 10 महिलाओं को बृहस्पतिवार देर रात सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया।

अधिकारी ने यह भी कहा, नगालैंड के एक सदस्य सहित ‘सेल्सियन ऑफ डॉन बॉस्को’ के दो सदस्यों को भी हथियारबंद समूहों ने अलग-अलग स्थानों से रिहा किया। मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने बीते दिन कहा था कि सरकार इन लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए नागरिक समाज से जुड़े संगठनों और राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है।