Punjabi News

बेअदबी के मामलों में इंसाफ को लेकर वड़िंग ने मान और केजरीवाल को घेरा

21

चुनाव से पहले 24 घंटे में इंसाफ दिलाने की गारंटी की दिलाई याद

कहा: कार्यकाल के अंतिम चरण में लोगों को तलब करना किसी सौदेबाजी की कोशिश का हिस्सा

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से सवाल किया है कि सरकार के साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद भी बेअदबी के मामलों में अब तक इंसाफ क्यों नहीं मिला है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आप नेताओं को चुनाव से पहले किए गए उस वादे की याद दिलाई है, जिसमें उन्होंने 24 घंटे के भीतर बेअदबी के मामलों का हल कर दोषियों को सजा दिलाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि अब आप सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में है और उसके पास केवल छह महीने का समय ही बाकी रह गया है।

उन्होंने कहा कि आप सरकार ने अकालियों को छोड़ दिया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया, जिन्हें बाद में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि किस तरह बिना किसी ठोस कारण के कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया गया और किसी गुप्त समझौते के तहत अकालियों को छोड़ दिया गया।

वड़िंग ने आप नेताओं से कहा कि अब लोगों को तलब किया जा रहा है, ताकि यह दिखाया जा सके कि सरकार इंसाफ करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि पंजाब के लोग इनके इरादों को अच्छी तरह समझ चुके हैं और जानते हैं कि वास्तव में यह सरकार कुछ भी करने वाली नहीं है।

वड़िंग ने कहा कि पहले आप सरकार ने जानबूझकर बेअदबी के मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया और अब इसे केवल इसलिए दोबारा उठाया गया है, क्योंकि श्री अकाल तख्त साहिब ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को “गुरु दोषी” करार दिया है।

उन्होंने कहा कि हमारे पास यह मानने के ठोस कारण हैं कि आप सरकार अकालियों के साथ किसी समझौते की कोशिश कर रही है और इसी कारण वह उनके नेतृत्व पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। अन्यथा, बेअदबी के मामलों में इंसाफ दिलाने का उसका कोई वास्तविक इरादा नहीं है। यदि ऐसा इरादा होता, तो अपने ही वादे के अनुसार 24 घंटे के भीतर यह काम बहुत पहले ही कर दिया गया होता।