Punjabi News

गुरनाम चढ़ूनी को हिरासत में लेने पर भड़के किसान, अंबाला के शंभू टोल पर जाम लगाकर किया विरोध प्रदर्शन

17

अंबाला   : हरियणा के अंबाला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने आज अंबाला के शंभू टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को हिरासत में लिए जाने से नाराज किसानों ने टोल प्लाजा पर धरना देकर यातायात प्रभावित किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि गुरनाम सिंह चढ़ूनी को दिल्ली में प्रस्तावित किसान घाट कार्यक्रम से पहले हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

किसान नेताओं ने बताया कि गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसानों को दिल्ली के किसान घाट पहुंचने का आह्वान किया था। इसी के चलते उन्हें हिरासत में लिया गया, जिसके विरोध में अंबाला समेत कई स्थानों पर किसान सड़कों पर उतर आए हैं। फिलहाल शंभू टोल प्लाजा पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।