Punjabi News

Bokaro News: कमरे से आ रही थी रोने की आवाज, दरवाजा खोला तो भयावह नजारा देख घर वालों की निकल गई चीख

214

Bokaro News: झारखंड में बोकारो जिले के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के डीवीसी पुनर्वासित गांव नया बस्ती में बीते शनिवार की देर रात रुपेश यादव (35) ने सोती हुई पत्नी झालो देवी (30) की पहले हथौड़े से सिर कुचलकर और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

फर्श पर बिखरा था खून और पड़ी थी लाश
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना उसके तीन छोटे बच्चों के सामने घटित हुई। जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब ढाई बजे की है। घटना के समय सात वर्षीय बेटी ऋद्धी रानी, चार वर्षीय पुत्र पीयूष और डेढ़ वर्षीय पुत्री मां के साथ कमरे में सो रहे थे। पत्नी की चीख सुनकर ऋद्धी की नींद खुली और उसके रोने की आवाज सुनकर पास में रहने वाली आरोपी की मां नुनवा देवी (65) कमरे तक पहुंचीं। जब दरवाजा खुलवाया गया तो नजारा बेहद भयावह था – फर्श पर खून बिखरा था और झालो देवी की लाश पड़ी थी। वहीं, गांव वालों ने आरोपी रुपेश को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों ने बताया कि रुपेश का अपने परिवार से अकसर झगड़ा होता रहता था। वह पहले भी पत्नी पर हमला कर चुका था और माता-पिता के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। इस घटना से मृतका के तीनों बच्चों और सास-ससुर का रो-रोकर बुरा हाल है।