पंचकूला (उमंग) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला के श्री माता मनसा देवी स्थित श्री मुक्तिनाथ वेद विद्या आश्रम के रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समारोह में शिरकत करते हुए आश्रम की 25 वर्षों की शैक्षणिक एवं सामाजिक उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला जिले के धार्मिक स्थलों के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक आवागमन की बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मुक्तिनाथ वेद विद्या आश्रम को 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान पिछले 25 वर्षों से शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले अनेक विद्यार्थी आज समाज और देश के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम के कई विद्यार्थी आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा कर रहे हैं, जो संस्थान के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और संस्कृति का संरक्षण भी बेहद जरूरी है और श्री मुक्तिनाथ वेद विद्या आश्रम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



















