Punjabi News

‘युद्ध नशों विरुद्ध’: राज्य स्तरीय तलाशी अभियान के दौरान 274 हॉटस्पॉट पर छापेमारी; 386 काबू

10

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब में नशों को जड़ से खत्म करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के तहत पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत राज्यभर में चिन्हित 274 हॉटस्पॉट (नशीले पदार्थों की बिक्री वाले स्थानों) पर ‘घेराबंदी एवं तलाशी अभियान’ (कासो) चलाया।

यह तलाशी अभियान पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के दिशा-निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने 233 एफआईआर दर्ज कर 386 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 4.1 किलोग्राम हेरोइन, 1.4 किलोग्राम अफीम, 4 किलोग्राम पोस्त की भूसी, 4237 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 5500 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की।

इस अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि 1 मार्च, 2025 को शुरू किए गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के परिणामस्वरूप राज्यभर में 64598 एफआईआर दर्ज कर 82739 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 4198 किलोग्राम हेरोइन, 1009 किलोग्राम अफीम, 481 क्विंटल पोस्त की भूसी, 1750 किलोग्राम गांजा, 65.85 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल, 78 किलोग्राम ‘आईसीई’ तथा 22.58 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।

इस बीच, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 259वें दिन पुलिस टीमों ने चार हथियारों सहित 260 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 76590 हो गई है। इसके अलावा 229 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 12 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।