देशभर में मानसून ने जोर पकड़ ली है. कई राज्यों में हो रही तेज बारिश से आम लोगों का जीवन भी प्रभावित हुआ है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सोमवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में बिहार के अलग-अलग जिलों के 7 और बंगाल के हावड़ा के 4 लोग शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में सोमवार को अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। हादसे जगतबल्लवपुर, आमता और बगनान थाना क्षेत्रों में हुए।
बिहार में बारिश और बिजली का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार को बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग झुलस गए। मृतकों में दो छात्र और एक मां-बेटे भी शामिल हैं।
मौसम विभाग ने आज 34 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिम चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। विभाग के अनुसार 5-6 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड हुई। सड़क पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। इसके कारण करीब 200 यात्री फंस गए हैं, जो सोमवार रात 9 बजे से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
इधर, हरियाणा के अंबाला और झज्जर में रात भर बारिश हुई। इससे सड़कें तालाब बन गईं। दुकानों में पानी घुस गया।
उत्तर प्रदेश के आगरा में रात 1 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कई इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। बाराबंकी में दो घंटे की तेज बारिश से बस स्टेशन पर पानी भर गया।

















