Punjabi News

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब कांग्रेस एससी विभाग ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

11

चंडीगढ़, 28 जुलाई: पंजाब कांग्रेस के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग ने आज बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।

इस मौके पर पंजाब कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक सुधीर चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मचारी कई दिनों से अपनी नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे। लेकिन उनकी मांग मानने की बजाय सरकार ने उन पर लाठीचार्ज करवाया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दलितों, सफाई कर्मचारियों और अपने अधिकारों की मांग करने वाले लोगों की आवाज़ सुनने के बजाय उन्हें दबाने का काम कर रही है।

सुधीर चौधरी ने मांग की कि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त किया जाए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का एससी विभाग सफाई कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगा।