Punjabi News

ऐतिहासिक पल: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में PM मोदी संग सफर करेंगे जींद के 200 स्कूली बच्चे, 17 जुलाई को हरी झंडी

19

जींद / नई दिल्ली: भारतीय रेलवे के इतिहास में 17 जुलाई 2026 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन (Hydrogen Train) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक उद्घाटन यात्रा का सबसे खास आकर्षण जींद के 200 स्कूली बच्चे होंगे, जिन्हें प्रधानमंत्री के साथ इस आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन में सफर करने का अनूठा अवसर मिलेगा।

5 स्कूलों से चुने जाएंगे छात्र, निबंध और ड्राइंग प्रतियोगिता से होगा चयन
उत्तरी रेलवे (दिल्ली मंडल) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जींद के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को इस संबंध में तैयारियां तेज करने को कहा गया है।इस सफर के लिए कुल 200 विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल तैयार किया जा रहा है, जिनके साथ शिक्षक भी मौजूद रहेंगे।क्षेत्र के 5 चुनिंदा स्कूलों में कक्षा 7वीं और 8वीं के बच्चों के लिए ‘हाइड्रोजन ऊर्जा और विकसित भारत’ विषय पर ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन समारोह के दौरान सम्मानित किए जाने की भी योजना है।

पांडू पिंडारा स्टेशन तक का होगा सफर
सुरक्षा और हाई-प्रोफाइल प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए बच्चों की यात्रा का विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है।सभी 200 बच्चे जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सवार होंगे।ट्रेन में सफर के बाद सभी बच्चों को पांडू पिंडारा स्टेशन पर उतारा जाएगा। वहां से सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क मार्ग (बसों) के जरिए वापस जींद लाया जाएगा।

 

जींद-सोनीपत रूट पर चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
यह ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित की गई है, जो जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलेगी। इस ट्रेन की शुरुआत के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों (जैसे जर्मनी, जापान, चीन) की लीग में शामिल हो जाएगा जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक है। यह पूरी तरह ‘ग्रीन एनर्जी’ (हरित ऊर्जा) पर आधारित है, जिससे प्रदूषण बिल्कुल नहीं होगा और यह सिर्फ पानी की भाप (Water Vapour) छोड़ेगी।17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के साथ ही पीएम मोदी जींद और नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।