Punjabi News

बहालगढ़ में हरियाणा की बेटियों का दम, अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चुनी गई 10 पहलवानों में 6 हरियाणा की

16

सोनीपत : भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, बहालगढ़ में रविवार को आयोजित भारतीय कुश्ती संघ के अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप महिला वर्ग के ट्रायल में हरियाणा की पहलवानों का दबदबा देखने को मिला। अजरबेजान की राजधानी बाकू में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चुनी गई 10 सदस्यीय भारतीय महिला टीम में हरियाणा की 6 बेटियों ने स्थान बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

भारतीय कुश्ती संघ के पदाधिकारी विनोद तोमर ने बताया कि ट्रायल में देशभर से 75 महिला पहलवानों ने भाग लेकर अपनी दावेदारी पेश की। कड़े मुकाबलों और तकनीकी मूल्यांकन के बाद भारतीय टीम का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी मानकों के अनुरूप संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि पहले ये ट्रायल नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने थे, लेकिन वहां मुरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के चलते आयोजन स्थल को बदलकर बहालगढ़ स्थित साई केंद्र कर दिया गया।

इन पहलवानों ने बनाई भारतीय टीम में जगह

महिला वर्ग में हरियाणा की दीक्षा (43 कि.ग्रा.), निकिता सहरावत (57 कि.ग्रा.), अवंशिका (61 कि.ग्रा.), अंतरा (65 कि.ग्रा.), तानिया (69 कि.ग्रा.) और गरिमा (73 कि.ग्रा.) का चयन हुआ है। इनके अलावा महाराष्ट्र की रोहिणी (36-40 कि.ग्रा.), राजस्थान की संध्या (46 कि.ग्रा.) तथा दिल्ली की कामना (49 कि.ग्रा.) और अक्षरा (53 कि.ग्रा.) ने भी भारतीय टीम में जगह बनाई है। चयनित पहलवान अब बाकू में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। हरियाणा की 6 पहलवानों के चयन से प्रदेश के कुश्ती जगत में उत्साह का माहौल है।