Punjabi News

NEET Re-Exam को ‘लीक-प्रूफ’ बनाने को लेकर बड़ा कदम, भारतीय वायुसेना के हाथ होगी कमांड

12

लुधियाना  : देश में नीट परीक्षा को लेकर मचे देशव्यापी बवाल और पेपर लीक के कड़े व कड़वे अनुभवों से बड़ा सबक लेते हुए केंद्र सरकार इस बार सुरक्षा के ऐसे अभूतपूर्व व पुख्ता इंतजाम करने जा रही है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। आगामी नीट री-एग्जाम की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह ‘लीक-प्रूफ’ और अचूक बनाने के लिए देश की सबसे भरोसेमंद ताकत यानी भारतीय वायुसेना को मैदान में उतार दिया गया है, जो सॉल्वर गैंग और लीक माफियाओं के पूरे नैटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नीट री-टैस्ट के दौरान प्रश्नपत्रों को लीक होने से बचाने और उनकी पूरी तरह सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए भारतीय वायुसेना विशेष लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान करेगी। सूत्रों के मुताबिक, इस बार प्रश्नपत्रों के ट्रांसपोर्टेशन की अहम जिम्मेदारी किसी भी प्राइवेट कूरियर या सामान्य सरकारी डाक के भरोसे बिल्कुल नहीं छोड़ी जा रही है।

कस्टडी में रहेंगे प्रश्नपत्र
सुरक्षा का घेरा इस बार इतना कड़ा तैयार किया गया है कि नीट री-टैस्ट के प्रश्नपत्रों को एक जगह से दूसरी जगह सुरक्षित ले जाने का जिम्मा खुद भारतीय वायुसेना के कंधों पर होगा। सूत्रों ने बताया है कि वायुसेना देश के 18 चुनिंदा और महत्वपूर्ण स्थानों से प्रश्नपत्रों के पैकेट्स को सीधे अपनी कस्टडी में लेगी और उन्हें तय समय पर पूरी सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएगी।

हर चुनौती से निपटने के लिए सेना तैयार
सुरक्षा एजैंसियों और रक्षा सूत्रों का साफ कहना है कि नीट परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने के लिए सरकार इस बार किसी भी स्तर का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है। वायुसेना के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी या रुकावट के संपन्न कराने के लिए जिस भी तरह के सहयोग या सपोर्ट की आवश्यकता होगी, उसके लिए सेना पूरी तरह मुस्तैद और तैयार है। इस बड़े कदम का सीधा मकसद उस माफिया नैटवर्क को तोड़ना है, जो प्रिंटिंग प्रैस से लेकर परीक्षा केंद्र के बीच के रास्ते में पेपर लीक की वारदातों को अंजाम देते थे।