Punjabi News

‘गैंगस्टरां ते वार’ का 135वां दिन: पंजाब पुलिस ने 555 स्थानों पर छापेमारी की; 299 गिरफ्तार

10

– पुलिस टीमों ने 69 व्यक्तियों के खिलाफ की एहतियातन कार्रवाई, 16 को पूछताछ के बाद रिहा किया

– लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के द्वारा गोपनीय रूप से गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं

– ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के 460वें दिन 1.6 किलोग्राम हेरोइन सहित 100 नशा तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़:राज्य में चलाए जा रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 135वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 555 ठिकानों पर छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई एक निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।

अभियान के 135वें दिन पुलिस टीमों ने छह हथियारों सहित 299 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस मुहिम की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 33,917 हो गई है।

इसके अलावा 69 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 16 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 5 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।

लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।

इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के 460वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए आज 100 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 1110 नशीली गोलियां और 16,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही पिछले 460 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 66,687 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 12 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया।