Punjabi News

18,000 रुपये रिश्वत लेते सहायक सब-इंस्पेक्टर को विजिलेंस ब्यूरो ने किया गिरफ्तार

12

चंडीगढ़:पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस थाना शुतराना, तहसील पातड़ां, जिला पटियाला में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) जसविंदर सिंह को 18,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 

आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव बकराहा, तहसील पातड़ां, जिला पटियाला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

 

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के रिश्तेदार अपने पड़ोसियों के साथ हुई लड़ाई में घायल हो गए थे। इस संबंध में राजिंदरा अस्पताल के डॉक्टर ने उनका उपचार करते हुए मामले की सूचना पुलिस थाना शुतराना को दी थी और आरोपी अधिकारी बाद में घायल व्यक्तियों के बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल पहुंचा था।

 

प्रवक्ता ने आगे बताया कि आरोपी एएसआई ने हमला करने वाले दूसरे पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा अनुरोध किए जाने पर आरोपी एएसआई 18,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया।

 

अवैध रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

 

इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।