Punjabi News

विरासत-ए-खालसा, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल होंगे सौर ऊर्जा से लैस; 661 सरकारी इमारतों पर भी लगेंगे 18.6 मेगावाट के सोलर प्लांट : अमन अरोड़ा

9

* अमन अरोड़ा ने गांवों में 3 लाख सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 6 महीने का लक्ष्य तय किया

* साफ-सुथरे और स्वस्थ भविष्य के लिए सौर ऊर्जा के प्रयोग की तरफ की ओर बढ़ रहा है पंजाब : अरोड़ा

चंडीगढ़:

स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में बड़ी पहल करते हुए पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज राज्य की प्रमुख इमारतों पर 2 मेगावाट सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाने का ऐलान किया। इसमें श्री आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा (500 किलोवाट), अमृतसर में भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल (400 किलोवाट) और एन.आई.बी.ई. कपूरथला (300 किलोवाट) के प्रोजेक्ट शामिल हैं।

यहां पेडा कॉम्प्लेक्स में हरित ऊर्जा से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि 661 सरकारी इमारतों की छतों पर 18.6 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाने के लिए वर्क ऑर्डर पहले ही जारी कर दिए गए हैं।

बैठक के दौरान नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने विरासत-ए-खालसा, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल और एन.आई.बी.ई. कपूरथला समेत प्रमुख विरासत एवं शैक्षणिक इमारतों पर 2 मेगावाट सोलराइजेशन प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अगस्त 2026 के मध्य तक की समय सीमा तय की। उन्होंने कहा कि राज्य में 661 सरकारी इमारतों पर 18.6 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांटों के लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं और अब तक 34 सरकारी इमारतों पर 1.413 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं।

गांवों की गलियों को रात में भी रोशन करने के लिए एक अलग पहल के तहत श्री अमन अरोड़ा ने पेडा को अगले छह महीनों के अंदर तीन लाख सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए। पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) पहले ही पंजाब भर के 5,835 गांवों में 1.19 लाख से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइटें लगा चुकी है।

श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब अपने स्वस्थ भविष्य के लिए सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विरासत-ए-खालसा जैसी विरासत स्थलों और 661 सरकारी इमारतों पर सौर ऊर्जा परियोजनाएं लगाकर हम बिजली के बिलों और प्रदूषण में कमी ला रहे हैं तथा लोगों के लिए विश्वसनीय बिजली सुनिश्चित कर रहे हैं। श्री अरोड़ा ने कहा कि 18.6 मेगावाट के ये प्रोजेक्ट और 3 लाख स्ट्रीट लाइटें पंजाब के स्वस्थ पर्यावरण को सुनिश्चित करने के साथ-साथ सालाना करोड़ों रुपये की बचत भी करेंगी।

इस दौरान नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने श्री अरोड़ा को अवगत कराया कि 129 गांवों में 2,521 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम वर्तमान में प्रगति पर है, जिसके जुलाई के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। कृषि क्षेत्र की बात करते हुए उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 5,000 से अधिक ऑफ-ग्रिड स्टैंडअलोन सोलर वाटर पंप लगाए गए हैं।

समीक्षा बैठक में पेडा के सीईओ श्री अभिजीत कपलिश और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।