Punjabi News

बांदा में Mobile रीसायकल करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़: साइबर ठगों को फोन बेचने वाले 9 गिरफ्तार, 88 मोबाइल बरामद

13

Banda News: उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शुक्रवार को 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी, खोए हुए और खराब मोबाइल खरीदकर उन्हें ठीक कर दोबारा सक्रिय करने तथा साइबर अपराधियों को बेचने वाले अंतररज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सूचना के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने चहितारा गांव के निकट बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान फतेहगढ़ जिले के नवाबगंज निवासी मुस्तकीम, अरमान, अनमोल, असलम, साहिल अली, शमीम, रेहान, आमिर और मुश्ताक रजा को गिरफ्तार किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उनके कब्जे से 41 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 38 कीपैड फोन, 92 मोबाइल मदरबोर्ड, 66 बैटरियां, 20 फर्जी मोबाइल क्रय बिल, 11 हजार रुपए नकद, 7 दोपहिया वाहन तथा 9 अतिरिक्त मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह विभिन्न स्थानों से चोरी, खोए हुए और खराब मोबाइल कम कीमत पर खरीदता था। इसके बाद मोबाइलों को ठीक कर सक्रिय किया जाता था। जिन मोबाइलों का आईएमईआई नंबर ब्लॉक हो जाता था, उनके मदरबोर्ड और अन्य पार्ट्स निकालकर दूसरे मोबाइलों में लगाए जाते थे या अलग-अलग पार्ट्स जोड़कर नया मोबाइल तैयार किया जाता था।

 

पुलिस के अनुसार तैयार मोबाइल राजस्थान और हरियाणा के साइबर अपराधियों को बेचे जाते थे, जिनका उपयोग साइबर अपराध में किया जाता था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा मोबाइल खरीदने वाले अपराधियों के संबंध में जांच की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।