Punjabi News

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने रुकवाई एक संदिग्ध कार, तलाशी में मिली ऐसी चीज…सीधे जेल पहुंच गए पंजाब के 2 युवक

15

Mandi News : हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम में मंडी जिला पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुंदरनगर पुलिस की टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार में कर लिया है।

नाकेबंदी के दौरान धरे गए तस्कर
जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर थाना की टीम सोमवार को पुंघ फोरलेन पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की संदिग्ध कार (HR-05 AJ 8426) को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें से 4 किलो 32 ग्राम चरस बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कार सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बिन्नी (चालक) और निखिल, निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बड़े नेटवर्क की तलाश में पुलिस
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि चरस की इतनी बड़ी खेप कहां खरीदी गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को संदेह है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय हो सकता है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा, “नशा तस्करी के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।” पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी की सूचना मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।