बिजनेस डेस्कः अगर आप गोल्ड ज्वेलरी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये आपके लिए सही समय साबित हो सकता है। आज लगातार दूसरे दिन सोने की कीमतों में गिरावट आई है। इससे पहले सोमवार को भी सोने के भाव टूटे थे। MCX पर 12 अगस्त को सोने का भाव गिरावट के साथ 1,00,268 रुपए, जबकि चांदी के भाव में 0.25 फीसदी की तेजी आई है, ये 1,13,575 रुपए के करीब कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने चांदी के वायदा कारोबार में नरमी देखने को मिल रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सुस्त, चांदी तेज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने चांदी के वायदा भाव की शुरुआत नरमी के साथ हुई लेकिन बाद में चांदी के भाव सुधर गए। Comex पर सोना 3,393.60 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 3,404.70 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 2.80 डॉलर की गिरावट के साथ 3,401.90 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के वायदा भाव ने इस साल 3,509.90 डॉलर के भाव पर ऑल टाइम हाई छू लिया है। Comex पर चांदी के वायदा भाव 37.63 डॉलर के भाव पर खुले। पिछला क्लोजिंग प्राइस 37.78 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 0.14 डॉलर की तेजी के साथ 37.92 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था।


















