Punjabi News

वड़िंग ने लैंड पूलिंग के लिए किसानों को धमकाने हेतु पुलिस के इस्तेमाल के विरुद्ध चेतावनी दी

342

कहा: पुलिस कमिश्नर कार्यालय को ग्लाडा ऑफिस में बदला गया

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा किसानों को लैंड पूलिंग पॉलिसी स्वीकार करने के लिए धमकाने और डराने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किए जाने के विरूद्ध चेतावनी दी है।

उन्होंने खुलासा किया कि आम आदमी पार्टी ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय को ग्लाडा ऑफिस में बदल दिया है, जहाँ किसानों को बुलाकर लैंड पूलिंग पॉलिसी स्वीकार करने के लिए धमकाया जा रहा है।

यहाँ एक बयान में, वड़िंग ने खुलासा किया कि उन्हें संबंधित किसानों के फ़ोन आ रहे हैं, जिन्हें पुलिस बुला रही है और लैंड पूलिंग पॉलिसी को स्वीकार करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए धमका रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यह अस्वीकार्य है और इसके खतरनाक और विनाशकारी परिणाम होंगे। उन्होंने पूछा कि अगर किसानों की ज़मीन छीन ली गई, तो उनके पास क्या बचेगा?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने में लगे अति-उत्साही पुलिस अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि याद रखिए, कुछ ही महीनों की बात है, उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे किसानों को डराएँ-धमकाएँ नहीं। किसानों को ज़मीन देने के लिए मजबूर करना माफ करने लायक नहीं है और इसका हिसाब लिया जाएगा।

इसी के साथ ही, वड़िंग ने किसानों को सरकार के खिलाफ डटे रहने और किसी भी तरह का महसूस न करने पर बधाई दी। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। हम आपकी एक इंच ज़मीन भी ज़बरदस्ती नहीं छीनने देंगे।

इस बीच, उन्होंने सरकार से आखिरी बार लैंड पूलिंग पॉलिसी को वापस लेने की अपील की। उन्होंने सरकार चलाने वालों से सवाल किया कि आप सरकार में बैठे लोग कैसे सोच सकते हैं कि आप किसानों की ज़मीन ज़बरदस्ती छीन लेंगे?।जबकि वे सभी पंजाबी हैं और उनमें से ज़्यादातर का इतिहास किसानी से जुड़ा है।