Punjabi News

Bye-Bye Hotel Skylark: जालंधर के नक्शे से मिटने जा रहा एक लैंडमार्क

272

जालंधर(खुराना): जालंधर, जो दोआबा क्षेत्र का प्रमुख शहर होने के साथ-साथ नर्सिंग होम्स, अस्पतालों और होटल इंडस्ट्री के क्षेत्र में पूरे एशिया में अपनी अलग पहचान रखता है, एक ऐतिहासिक लैंडमार्क को अलविदा कहने जा रहा है। शहर के केंद्र में स्थित होटल स्काईलार्क, जिसे जालंधर के सबसे पुराने होटलों में गिना जाता था, अब अपने अंतिम चरण में है। करीब 1971-72 में बना यह होटल अब कुछ ही दिनों का मेहमान है और इसकी इमारत को तोड़ने का काम प्रारंभ हो चुका है।

सूत्रों के अनुसार होटल स्काईलार्क वाली बेशकीमती जमीन का सौदा कुछ महीनों पहले ही करोड़ों रुपए में किया जा चुका है। इसे रियल एस्टेट क्षेत्र के एक नामी ग्रुप ने खरीदा है जो अब यहां पर बड़े-बड़े शोरूम्स और एक आधुनिक कमर्शियल हब विकसित करने जा रहा है। जानकारी मिली है कि कुछ प्रमुख ज्वैलर्स ने प्रस्तावित शोरूम्स की पहले ही बुकिंग कर ली है। होटल स्काईलार्क का इतिहास बेहद सुनहरा रहा है। एक समय था जब जालंधर फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन का केंद्र हुआ करता था और तब इस होटल में फ़िल्मी सितारों की महफिलें सजा करती थीं। बॉलीवुड के कई मशहूर अभिनेता और अभिनेत्रियाँ जालंधर दौरे के दौरान यहीं ठहरते थे। वहीं, जालंधर के ऐतिहासिक बर्ल्टन पार्क में जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित होते थे, तब भारत समेत अन्य देशों की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ी भी इसी होटल में रुकते थे।

अपने उत्कृष्ट स्थान और सुविधाओं के कारण स्काईलार्क कॉन्फ्रेंस, एग्जिबिशन, शादी समारोह और व्यावसायिक मीटिंग्स के लिए पहली पसंद बना रहा। 60 और 70 के दशक में जन्मे लोगों की यादों में यह होटल एक विशेष स्थान रखता है, एक ऐसा स्थान जो अब केवल तस्वीरों और यादों में ही जीवित रहेगा। शहर की पहचान बन चुका यह लैंडमार्क अब इतिहास बनने की राह पर है। जालंधरवासियों के लिए यह केवल एक इमारत का अंत नहीं, बल्कि उस दौर का विदा लेना है जिसमें यह होटल शहर की शान और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था। बाॅय-बाॅय होटल स्काईलार्क- जालंधर आपको कभी नहीं भूलेगा।