Punjabi News

वड़िंग ने पूरे पंजाब में लग रहे भारी बिजली के कटों की निंदा की कहा: आप ने पंजाब को पावर सरप्लस से पावर डिफिसिट राज्य बना दिया

13

पीएसपीसीएल के मेंटेनेंस संबंधी दावों पर सवाल उठाए

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य में 10-12 घंटे तक के लग रहे लंबे और भारी बिजली के कटों को लेकर पंजाब सरकार की कड़ी आलोचना की है।

उन्होंने कहा कि ये कटौती ऐसे समय में की जा रही है, जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और राज्य भीषण गर्मी का सामना कर रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि बिजली कट “योजनाबद्ध” हैं और मेंटेनेंस कारणों से लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने पूछा कि यह काम सर्दियों के दौरान क्यों नहीं किया गया, जब बिजली की मांग कम होती है और लोगों को बिजली के कटों से ज्यादा परेशानी नहीं होती।

वड़िंग ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की एक और संदिग्ध उपलब्धि है कि उसने पावर सरप्लस पंजाब को पावर डिफिसिट राज्य बना दिया है।

उन्होंने खुलासा किया कि राज्य भर के उद्योगों को हर रोज लगभग 500 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा, लोग भीषण गर्मी में बिना बिजली के परेशान हो रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिजली की कटौती लुधियाना, जालंधर, अमृतसर जैसे औद्योगिक शहरों के साथ-साथ पटियाला और बठिंडा में भी हो रही है।

उन्होंने आशंका जताई कि जब धान की बुवाई शुरू होगी, तो बढ़ते लोड के कारण स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि आप सरकार इस स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थी।