Punjabi News

लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने की भारतीय खाद्य निगम की रीजनल बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की

128

 

लोकसभा सांसद एवं भारतीय खाद्य मंत्रालय की सर्वोच्च्य परामर्श समिति के अध्यक्ष चौधरी धर्मबीर सिंह ने आज पंचकूला में आयोजित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की महत्वपूर्ण बैठक में बतौर मुख्यअतिथि (अध्यक्ष) भाग लिया।
इस बैठक में एफसआई, हैफेड, फूड सप्लाई, वेयरहाउसिंग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर खाद्य भंडारण, आपूर्ति, और विकास कार्यों से जुड़ी योजनाओं व समस्याओं पर विस्तृत मंत्रणा की गई।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बैठक में भारतीय खाद्य निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक तकनीक के समावेश की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण प्रणाली में सुधार कर ही हम किसानों की उपज का सही मूल्य सुनिश्चित कर सकते हैं और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध करवा सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि एफसीआई ने न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य (एमएसपी) पर खाद्यान्‍नों की खरीद, महत्‍वपूर्ण खाद्यान्न स्‍टॉक के रख-रखाव, कल्‍याण उपायों के लिए खाद्यान्‍नों का वितरण और बाजार में खाद्यान्नों के मूल्यों में स्थिरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सांसद ने बताया कि एफसीआई की परिचालन क्षमताओं में एमएसपी आधारित खरीद और निवेश के प्रति सरकार की दोहरी प्रतिबद्धता किसानों को सशक्त बनाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और देश के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सहयोगात्मक प्रयास का प्रतीक है।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, और सुधार के लिए ठोस कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सुश्री शरणदीप कौर (आईएएस), महाप्रबंधक सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और एफसीआई के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक क्षेत्र के खाद्य प्रबंधन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम रही।