Punjabi News

थाने में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, चोरी के केस में पकड़े गए अभिषेक ने फंदा लगाकर दी जान ;परिजनों का बवाल

232

 

रायपुररानी: रायपुररानी थाना परिसर में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब चोरी के केस में पकड़े गए युवक अभिषेक (गांव हंगौला) ने थाना के मालखाने में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। युवक के खिलाफ आज ही चोरी का केस दर्ज हुआ था। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी शव को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा चुके थे, लेकिन परिजनों को इसकी सूचना नहीं दी गई, जिससे मामला और गरमा गया।

जैसे ही परिजनों को खबर लगी, पूरे गांव से सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने थाना परिसर के बाहर ताला लगाने की कोशिश की और हाईवे जाम करने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से भारी पुलिस बल बुलाया गया। कई एसएचओ और चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अभिषेक को थाने में मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलने पर सीन ऑफ क्राइम की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। देर रात तक थाने में हंगामा जारी रहा। परिजन न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि मामला गंभीर है और निष्पक्ष जांच की जा रही है।