चरखी दादरी: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने चरखी दादरी को पर्यावरण से जुड़ी नई योजनाओं के शुभारंभ स्थल के रूप में चयन करने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय जब लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे थे, तब यह महसूस हुआ कि यदि पर्यावरण हरा-भरा हो और वन क्षेत्र अधिक हो, तो प्राकृतिक रूप से पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा अरावली क्षेत्र को हरा-भरा करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल इस क्षेत्र को पर्यावरणीय लाभ मिलेगा, बल्कि वर्षा, जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार जैसे अनेक सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिलेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। इस अवसर पर दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान, बाढड़ा के विधायक उमेद पातुवास व नलवा के रणधीर पनिहार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।












