International Desk: ईरान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक बड़े तेल टैंकर को नष्ट कर दिया। यह टैंकर कथित रूप से पाकिस्तान के झंडे के तहत चल रहा था और बिना “अनुमति” के इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, टैंकर को पहले कई बार चेतावनी दी गई थी। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उस पर “टारगेटेड स्ट्राइक” की गई, जिसके बाद जहाज पूरी तरह नष्ट हो गया। ईरान ने कहा कि उसकी किसी भी चेतावनी को हल्के में न लिया जाए। उसकी बात न मानने वालों का यही अंजाम होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पहले से ही अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है, जहां हाल के हफ्तों में कई जहाजों पर हमले और ड्रोन स्ट्राइक की घटनाएं सामने आई हैं।
क्यों अहम है यह मामला?
होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया का करीब 20% तेल गुजरता है।यहां किसी भी हमले से वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हो सकता है। पहले भी कई जहाजों पर हमले हो चुके हैं और समुद्री ट्रैफिक में भारी गिरावट आई है। ईरान ने हाल ही में इस जलडमरूमध्य पर कड़े नियंत्रण उपाय लागू किए हैं। IRGC ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति गुजरने वाले जहाजों पर कार्रवाई की जा सकती है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, केवल “मित्र देशों” के जहाजों को ही सीमित अनुमति दी जा रही है।
















