Punjabi News

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के Student की बेरहमी से ह+त्या, कर रहा था वकालत की पढ़ाई

3

खरड़: यहां खरड़-मोरिंडा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास गुरफतेह टाउन में पुरानी रंजिश के चलते चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ूंआ के एक छात्र की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमन दहिया (22) निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है, जो BA LLB (भाग-3) का छात्र था।

इस मामले में पुलिस ने राम, मोनू, विनय और लवीसा नामक एक युवती समेत कुल 4 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के चाचा अनिल कुमार (पेशा वकील), निवासी गांव गढ़ीबाला, थाना कुंडली, जिला सोनीपत ने बताया कि अमन उनके बड़े भाई सुंदर दहिया का बेटा था और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। अनिल कुमार के अनुसार, 1 अप्रैल तड़के करीब 3 बजे उन्हें अमन के दोस्त हर्ष के मोबाइल से फोन आया, जिसमें बताया गया कि कुछ युवकों ने अमन पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने अमन से फोन पर बात की, जिसमें उसने बताया कि ‘राम’ नाम का युवक उसे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां दे चुका था।

अमन ने बताया कि घटना वाली रात वह अपने फ्लैट में था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली लवीसा उसके पास आई और उसे गुरफतेह टाउन स्थित अपने फ्लैट तक छोड़ने के लिए कहा। अमन उसे कार से छोड़ने गया। जैसे ही लवीसा अपने फ्लैट में गई और अमन वापस लौटने लगा, तभी रात करीब 2 बजे राम, मोनू और विनय वहां पहुंच गए और उसे घेर लिया। अमन के अनुसार, उसी समय लवीसा ने अंदर से आवाज लगाई—“आज बड़ी मुश्किल से इसे यहां बुलाया है, आज इसे जिंदा नहीं छोड़ना।” इसके बाद मोनू और विनय ने अमन को पीछे से पकड़ लिया, जबकि राम ने चाकू निकालकर उसकी छाती और पीठ पर वार कर दिए। इसके बाद चारों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अमन किसी तरह वहां से भागकर एक खाली प्लॉट में पहुंचा, जहां वह गिर पड़ा और अपने दोस्तों को फोन कर बुलाया। दोस्त उसे तुरंत अस्पताल ले गए। इस दौरान उसने अपने चाचा को भी पूरी घटना की जानकारी दी। अनिल कुमार ने बताया कि जब वे अपने भाई के साथ चंडीगढ़ स्थित अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। अमन के शरीर पर चाकू के दो गंभीर घाव मिले, जिनमें से एक घाव कंधे और छाती के बीच करीब 6 इंच गहरा था। परिवार का आरोप है कि पहले भी अमन ने बताया था कि राम की कार से जुड़े एक मामले में उसे शक था कि पुलिस को जानकारी अमन ने दी थी, जिसके चलते आरोपियों ने रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि लवीसा राम की गर्लफ्रेंड है और उसी रंजिश के चलते चारों ने साजिश के तहत अमन की हत्या कर दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉक्टरों की मदद से सरकारी मेडिकल कॉलेज, सेक्टर-32 चंडीगढ़ में पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।