Bhanuka Rajapaksa vs Harshi Rasanga: मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका राजपक्षे इन दिनों खेल नहीं, बल्कि एक कानूनी विवाद की वजह से चर्चा में हैं। मामला एक सोने की चेन से जुड़ा है, जिसकी वजह से मशहूर एक्ट्रेस हर्षी रसंगा को पुलिस की गिरफ्त तक पहुंचना पड़ा। 9 लाख रुपये की इस चेन ने अब एक ऐसे फिल्मी ड्रामे का रूप ले लिया है जिसमें प्यार और धोखे के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
क्या है पूरा विवाद?
राजपक्षे का आरोप है कि उन्होंने हर्षी को अपनी एक सोने की चेन सिर्फ कुछ समय के लिए इस्तेमाल करने को दी थी। लेकिन एक्ट्रेस ने उनकी जानकारी के बिना उस महंगी चेन को गिरवी रख दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा और थलंगगामा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्षी को गिरफ्तार कर लिया। जब यह मामला कडुवेला मजिस्ट्रेट कोर्ट पहुंचा, तो वहां एक्ट्रेस ने माना कि उन्होंने बिना बताए चेन गिरवी रखी थी और इसे वापस करने का वादा भी किया।
बेल मिलते ही बदला सुर
अदालत ने हर्षी को 5-5 लाख रुपये के दो मुचलकों पर जमानत तो दे दी, लेकिन जेल से बाहर आते ही कहानी में नया मोड़ आ गया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए एक्ट्रेस ने राजपक्षे के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि वे दोनों कभी रिलेशनशिप में थे और राजपक्षे ने वह चेन उन्हें तोहफे (Gift) के तौर पर दी थी। फिलहाल इस नए दावे पर क्रिकेटर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अगली तारीख पर टिकी निगाहें
कोर्ट ने अब पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई के दौरान उस विवादित सोने की चेन को अदालत में पेश किया जाए। इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होनी है, जहां यह साफ होगा कि वह चेन वाकई एक ‘उधार की अमानत’ थी या ‘प्यार की निशानी’।
राजपक्षे का क्रिकेट करियर
भानुका राजपक्षे श्रीलंका के एक जाने-माने खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 45 T20 और 5 वनडे मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। भारतीय क्रिकेट प्रेमी उन्हें आईपीएल की टीम पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी में भी देख चुके हैं, जहां उन्होंने 2022 और 2023 के सीजन में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया था। फिलहाल, वे अपनी इस निजी कानूनी लड़ाई को सुलझाने में जुटे हैं।
















