Punjabi News

बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस कमिश्नर को मिला ईमेल

10

नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के आगामी बेंगलुरु शो से पहले सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। धारवाड़ पुलिस कमिश्नर के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया है, जिसमें 29 नवंबर को होने वाले इस लाइव कॉन्सर्ट के दौरान IED धमाका करने की चेतावनी दी गई है। यह भव्य कार्यक्रम बेंगलुरु के मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड में आयोजित होना है। जानकारी के मुताबिक, इस ईमेल में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे का भी जिक्र किया गया है।

धमकी भेजने वाले अज्ञात शख्स ने कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों के लिए भी कुछ अजीबोगरीब और सख्त चेतावनियां लिखी हैं। ईमेल में लोगों को हिदायत दी गई है कि वे कार्यक्रम में अपने बच्चों को साथ लेकर न आएं, आईफोन (iPhone) का इस्तेमाल करने से बचें और वहां पहुंचने के लिए मेट्रो से सफर न करें। इस सनसनीखेज ईमेल के सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और साइबर टीम की मदद से ईमेल भेजने वाले की लोकेशन व पहचान ट्रेस करने में जुट गई है। हालांकि, सुरक्षा जांच के बीच फिलहाल शो के तय कार्यक्रम में किसी भी तरह के बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि बेंगलुरु का यह शो दिलजीत दोसांझ के बहुचर्चित ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ (AURA India Tour 2026) का एक अहम पड़ाव है। इस म्यूजिकल टूर की शुरुआत 30 अक्टूबर को देश की राजधानी दिल्ली से हुई थी। इससे पहले के शहरों में भी दिलजीत के लाइव शोज को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला है और भारी भीड़ उमड़ी है।