नई दिल्लीः दिसंबर का महीना शुरू होते ही कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं। 1 दिसंबर 2026 से बैंकिंग, निवेश और रोजमर्रा के खर्चों से जुड़े कई नियमों में बदलाव देखने को मिल सकता है। इनका असर क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों, लोन लेने वाले ग्राहकों, निवेशकों और गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज, RBI की मौद्रिक नीति बैठक, कमोडिटी ट्रेडिंग के नए मार्जिन नियम और आधार से जुड़ी सुविधा जैसे कई अहम अपडेट चर्चा में हैं।
SBI क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करना पड़ सकता है महंगा
SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 1 दिसंबर से कुछ खास ट्रांजैक्शन महंगे हो सकते हैं। प्रस्तावित बदलावों के मुताबिक, एक बार में 30,000 रुपए से अधिक का ट्रांसपोर्ट पेमेंट करने पर 1% अतिरिक्त फीस और लागू टैक्स देना पड़ सकता है।
वहीं, फ्यूल खर्च के मामले में अगर एक बिलिंग साइकिल के दौरान कुल भुगतान 50,000 रुपए से ज्यादा होता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% अतिरिक्त चार्ज लगेगा। यानी अतिरिक्त फीस केवल तय सीमा से ऊपर की रकम पर नहीं, बल्कि पूरे फ्यूल खर्च पर लागू होगी।
RBI की बैठक में तय होगी ब्याज दरों की दिशा
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस बैठक में रेपो रेट को लेकर फैसला लिया जाएगा। रेपो रेट में बदलाव का सीधा असर बैंक लोन और जमा पर मिलने वाले ब्याज पर पड़ सकता है।
अगर RBI ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है, तो होम लोन समेत दूसरे फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज महंगे हो सकते हैं। इससे ग्राहकों की EMI बढ़ने या लोन की अवधि लंबी होने की संभावना रहती है।
होम लोन की EMI बढ़ेगी या FD पर मिलेगा ज्यादा ब्याज?
RBI के रेपो रेट फैसले का असर लोन लेने वालों और FD में पैसा लगाने वालों, दोनों पर पड़ सकता है। अगर ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो बैंक नए होम लोन और अन्य कर्ज पर ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं।
दूसरी ओर, फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वालों को नई FD पर बेहतर ब्याज मिलने की उम्मीद हो सकती है। हालांकि, बैंक अपनी वित्तीय स्थिति और बाजार की परिस्थितियों के आधार पर ब्याज दरों में बदलाव करते हैं।
कमोडिटी ट्रेडिंग के लिए बदलेंगे मार्जिन नियम
कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वाले ट्रेडर्स के लिए भी 1 दिसंबर से नए नियम लागू होने का प्रस्ताव है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के नए मार्जिन नियमों के तहत कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव और जोखिम के आधार पर ट्रेडर्स को शुरुआती मार्जिन के रूप में 6%, 8% या 10% रकम जमा करनी होगी।
इसके अलावा जोखिम का आकलन करने के लिए दो से तीन दिनों की अवधि तय की जाएगी। ये बदलाव कृषि और गैर-कृषि दोनों तरह की कमोडिटी पर लागू होंगे। इससे ट्रेडिंग के दौरान जोखिम प्रबंधन को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।
आधार में ईमेल अपडेट कराने का मौका
आधार कार्ड में ईमेल आईडी जोड़ने या पुरानी ईमेल आईडी अपडेट कराने वालों को राहत मिल सकती है। UIDAI ने आधिकारिक Aadhaar मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस 31 दिसंबर 2026 तक माफ की है।
इसका फायदा लेने के लिए ग्राहकों को आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ही प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी है जो अपने आधार रिकॉर्ड में ईमेल एड्रेस जोड़ना या बदलना चाहते हैं।
NRI और OCI के लिए घर बैठे डिजिटल KYC की सुविधा
दिसंबर से विदेश में रहने वाले भारतीय निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया आसान होने जा रही है। SEBI के नए नियमों के तहत NRI, OCI कार्डधारक और विदेश में रहने वाले भारतीय निवेशक निर्धारित शर्तें पूरी करने पर डिजिटल KYC करा सकेंगे।
इसके लिए उन्हें भारत आने की जरूरत नहीं होगी। SEBI से रजिस्टर्ड ब्रोकर या वित्तीय संस्थान के जरिए घर बैठे KYC प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इससे विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए भारतीय शेयर बाजार में निवेश करना आसान हो सकता है।
1 दिसंबर को बदल सकते हैं LPG सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर 2026 को भी घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी होने की संभावना है।
खास तौर पर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों पर होटल, रेस्टोरेंट और कारोबारियों की नजर रहेगी। वहीं, 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में बदलाव होने पर इसका सीधा असर आम परिवारों के रसोई बजट पर पड़ सकता है।
















