चंडीगढ़:पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवां ने आज श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर समस्त पंजाबवासियों तथा देश-विदेश में रह रहे पंजाबियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संदेश में स. संधवां ने सभी लोगों से श्री गुरु नानक देव जी द्वारा दिखाए गए धर्म और मानवता के मार्ग पर चलते हुए ईमानदारी एवं मेहनत से आजीविका अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सदैव सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए, बुराइयों का त्याग करना चाहिए तथा ईमानदारी और हक-हलाल की कमाई से ही अपना जीवन व्यतीत करना चाहिए।
पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की महान आध्यात्मिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए स्पीकर संधवां ने कहा कि प्रथम पातशाह ने संपूर्ण मानवता को अनमोल शिक्षाओं की सौगात दी है। उनकी शिक्षाएं हमें सदैव ‘सरबत के भले’ अर्थात समूची मानवता की भलाई, सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना करने की प्रेरणा देती हैं।
इस पावन अवसर पर स. संधवां ने गुरु साहिब के चरणों में अरदास की कि अकाल पुरख विश्वभर में रहने वाले सभी लोगों को खुशियां, उत्तम स्वास्थ्य तथा आपसी प्रेम, सद्भावना और भाईचारे से परिपूर्ण जीवन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता को आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन मूल्यों का ऐसा अमूल्य खजाना प्रदान किया है, जिसका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।
श्री गुरु नानक देव जी की उदासियों का उल्लेख करते हुए स. संधवां ने कहा कि गुरु साहिब ने चारों दिशाओं में पैदल यात्राएं कर लोगों को ईमानदारी से जीवन जीने, सत्य के मार्ग पर अडिग रहने, मेहनत एवं हक की कमाई करने तथा अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने का संदेश दिया। उन्होंने समस्त लोगों से गुरु साहिब द्वारा दिए गए सार्वभौमिक एवं सर्वसाझे सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वभर में बसे पंजाबी गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उच्च नैतिक मूल्यों के बल पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।










