कुल्लू (शम्भू): सर्दियों की दस्तक के बीच जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र में बीती रात पेश आए एक भीषण अग्निकांड ने एक ग्रामीण परिवार को गहरा जख्म दिया है। क्षेत्र के चरमाड़ नामक स्थान पर आधी रात को एक गऊशाला में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में जहां गऊशाला के भीतर बंधी एक जर्सी नस्ल की गाय आग की भेंट चढ़ गई, वहीं सेब के बगीचे से संबंधित कीमती सामान भी जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार को करीब 5 लाख रुपए की संपत्ति का नुक्सान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना आनी खंड के अंतर्गत पुलिस थाना आनी के अधिकार क्षेत्र में घटी है। बीती रात करीब 12 बजे गांव एवं डाकघर गाड़ के निवासी इंदर सिंह ठाकुर पुत्र ताबे राम की चरमाड़ स्थित गऊशाला में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पल भर में पूरे ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्भाग्यवश, गऊशाला के भीतर बंधी जर्सी गाय को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल पाया और आग की चपेट में आने से बेजुबान मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई।
इस अग्निकांड में मवेशी की मौत के साथ-साथ बागवानी से जुड़ा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया है। गऊशाला के भीतर रखीं सेब के पौधों की करीब 30 से 35 सुरक्षा जालियां और 60 से 70 बांस के डंडे भी आग की भेंट चढ़ गए हैं। पाले-पोसे गए मवेशी की इस तरह असमय मौत से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुक्सान के साथ-साथ गहरा भावनात्मक आघात भी पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है और राजस्व विभाग की टीम नुक्सान का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल का निरीक्षण कर नुक्सान का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करने हेतु विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।


















