अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि फिलीपींस वायु सेना के दो सैन्य विमान एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हवा में आपस में टकरा गए, जिससे कम से कम चार पायलटों की मौत हो गई। हवा में यह टक्कर शुक्रवार को देश के बटांगास प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर हुई।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें वह पल साफ देखा जा सकता है जब दो विमान आपस में टकराकर नीचे गिर गए। इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई।
फिलीपींस वायु सेना (PAF) ने एक बयान में बताया कि इस हादसे में दो SF-260 विमान शामिल थे। वायु सेना के अनुसार, ये विमान बेस के दायरे के भीतर ही गिरे और इनके अलावा किसी और के हताहत होने की खबर नहीं है। वायु सेना ने कहा कि हवा में हुई इस टक्कर के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलीपींस वायु सेना ने एक प्रेस बयान में कहा, “हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। साथ ही, सुरक्षा के एहतियाती कदम के तौर पर सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।” बयान में जान गंवाने वाले चार पायलटों के नामों का जिक्र नहीं किया गया है।
बयान में कहा गया, “PAF हमारे शहीद पायलटों की सेवा और बलिदान का सम्मान करता है। हम उनके परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए उनके संपर्क में हैं। परिवारों के अनुरोध पर, हम जनता से अपील करते हैं कि इस कठिन समय में उनकी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करें।”



















