
मंडी : मंडी जिला के पुलिस थाना औट की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1.645 किलोग्राम चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार सुबह थाना औट पुलिस की टीम द्वारा थलौट स्थित थाना गेट राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर नियमित नाकाबंदी एवं वाहन चैकिंग के दौरान कुल्लू से दिल्ली जा रही निजी वोल्वो बस की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 1.645 किलोग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम, निवासी जिला रेवाड़ी, हरियाणा तथा मोहन लाल, निवासी तहसील भुंतर व जिला कुल्लू हिप्र के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना औट में एफआईआर मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा पुलिस रिमांड प्राप्त कर यह पता लगाया जाएगा कि बरामद चरस का स्रोत क्या है तथा इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक मण्डी विनोद कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिला मण्डी में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता एवं प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी एवं इससे जुड़े प्रत्येक नेटवर्क पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।















