
फीफा विश्व कप में तीसरे स्थान के लिए आज फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। मियामी स्टेडियम में यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 2 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।
स्पेन से हार के बाद फ्रांस का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। हालांकि, किलियन म्बाप्पे ने 8 गोल और 3 असिस्ट के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं दूसरी ओर, अर्जेंटीना से हार के बाद विश्व कप से बाहर हुई इंग्लैंड की टीम के हैरी केन और जूड बेलिंगहैम ने अब तक 6-6 गोल दागे हैं।
विश्व कप में तीसरे स्थान का मुकाबला वर्ष 1934 से खेला जा रहा है। केवल 1950 के टूर्नामेंट में यह मैच आयोजित नहीं किया गया था।
विश्व कप का फाइनल कल रात न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 12 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।
















