Punjabi News

Cockroach Janata Party के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर- मंतर से किया बड़ा ऐलान

14

नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे लद्दाख के मशहूर पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को आज सुबह दिल्ली पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस घटना के बाद सोनम की पत्नी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उन्हें पूछे बिना सोनम को दवाई न दी जाए और न ही इलाज शुरु किया जाए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कॉकरेच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके सामने आए हैं। अभिजीत जंतर- मंतर पहुंचे और बड़े आंदोलनों का ऐलान किया।
अभिजीत का बड़ा ऐलान
दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।” वांगचुक को उनके अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन शनिवार तड़के तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि चिकित्सकीय सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया।

बहरहाल, पुलिस ने कहा कि वांगचुक को ”आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल” के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उसने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की। वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और इस विवाद के कारण कथित तौर पर कुछ छात्रों की मौत के विरोध में 28 जून से कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। दीपके की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।