
Aamir Khan on love jihad : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने 5 जुलाई को अपनी पार्टनर गौरी के साथ शादी रचाई, जिसके बाद उनकी यह तीसरी शादी चर्चा का विषय बन गई। शादी के बाद राजनीतिक नेताओं और धार्मिक संगठनों ने इस रिश्ते पर सवाल उठाते हुए इसे लव जिहाद से जोड़ना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, मंगलवार को मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के शाही चीफ मुफ़्ती मौलाना इफ्राहिम हुसैन ने भी इस शादी पर आपत्ति जताते हुए आमिर के खिलाफ फ़तवा जारी कर दिया है। अब इस पूरे विवाद पर आमिर खान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है।
लव जिहाद पर क्या बोले आमिर खान ?
एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने इस विवाद पर अपनी राय खुलकर रखी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में अलग-लग धर्मों के लोगों जे साथ शादियां हुई हैं, लेकिन किसी भी रिश्ते में धर्म परिवर्तन की जरुरत या शर्त कभी नहीं रही। लव जिहाद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आमिर ने कहा, हमारा परिवार हमेशा से खुले विचारों वाला रहा है और हर धर्म व संस्कृति का सम्मान करता है। मेरी दोनों बहनों ने हिन्दू परिवार में शादी की है, मेरी बेटी का जीवनसाथी भी हिन्दू है और मेरे कजिन मंसूर ने एक क्रिश्चियन महिला से शादी की है।
हमारे परिवार में किसी ने धर्म नहीं बदला
आमिर खान ने आगे कहा कि उनकी किसी भी पत्नी- गौरी स्प्रैट, किरण राव या रीना दत्ता ने शादी के बाद अपना धर्म नहीं बदला। उन्होंने बताया कि उनकी सभी शादियां सिविल मैरिज के तहत हुई थी इसलिए धर्म परिवर्तन का कोई सवाल ही नहीं था। आमिर ने यह भी स्पष्ट किया कि गौरी हिंदू नहीं बल्कि क्रिश्चियन हैं और वह धार्मिक रूप से सक्रिय भी नहीं हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि समय के साथ उनकी जिंदगी और भी दिलचस्प होती जा रही है।
आमिर ने कीं हैं तीन शादियां
आमिर खान ने सबसे पहले वर्ष 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी लेकिन करीब 16 साल साथ रहने के बाद दोनों ने 2002 में अलग होने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया, जिनका रिश्ता 2021 तक चला। अब आमिर ने 5 जुलाई को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में आयोजित एक निजी समारोह में गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर अपने जीवन की नई शुरुआत की। यह उनकी तीसरी शादी है।













