Punjabi News

Gold Price को लेकर JPMorgan का अनुमान, सोने की कीमतों में आ सकता है बड़ा उछाल

9

बिजनेस डेस्कः अगर आप सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो हो सकता है ये आपके लिए सही समय साबित हो। ग्‍लोबल मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों में नरमी के बीच निवेशकों की नजर अब भविष्य में कीमतों पर है। आने वाले समय में विशेषज्ञों ने सोने में बड़ी तेजी का अनुमान लगाया है। निवेश बैंक जेपी मॉगर्न ने अनुमान लगाया है कि आने वाले 6 महीने में सोने की कीमतों में करीब 40 फीसदी तक तेजी आ सकती है।

जेपी मॉर्गन का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार, भू-राजनीतिक तनाव कम होने और बाजार की स्थितियां सामान्य होने के बाद सोने में निवेश बढ़ सकता है। जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि इस साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 6,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच सकता है, जबकि 2027 के अंत तक इसकी कीमत 6,300 डॉलर प्रति औंस तक जाने की संभावना है।

विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के महीनों में मजबूत डॉलर, ऊंची ब्याज दरों और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा। हालांकि, महंगाई की चिंता, केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार सोने की खरीद और वैश्विक आर्थिक चुनौतियां भविष्य में कीमतों को सहारा दे सकती हैं।

भारतीय बाजार में कितनी होगी कीमत
अगर सोने में 40 फीसदी की वृद्धि होती है, तो भारतीय बाजार में इसकी कीमत 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर जा सकती है। बाजार जानकारों का मानना है कि मौजूदा समय में निवेशकों के लिए ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति बेहतर हो सकती है लेकिन लंबी अवधि में सोने की कीमतों में मजबूती की संभावना बनी हुई है।

 

दुनियाभर के केंद्रीय बैंक भी लगातार अपने गोल्ड रिजर्व बढ़ा रहे हैं, जिसे सोने की कीमतों में संभावित तेजी का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। ऐसे में आने वाले वर्षों में सोना नए रिकॉर्ड स्तर छू सकता है।